Home Featured चंदे के रुपये को लेकर विवाद, युवक को रॉड से पीटकर किया घायल; लॉकेट छीनने का आरोप

चंदे के रुपये को लेकर विवाद, युवक को रॉड से पीटकर किया घायल; लॉकेट छीनने का आरोप

दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के ब्लॉट गांव में चंदे के रुपये के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। ब्लॉट निवासी सुधीर पासवान ने बहेड़ी थाना में आवेदन देकर 11 लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, लोहे की रॉड से हमला करने और सोने का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया है।

आवेदन के अनुसार, 30 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे गांव में गहवर पूजा को लेकर मंदिर परिसर में ग्रामीणों की बैठक चल रही थी। बैठक के दौरान सुधीर पासवान ने पूर्व में बचे चंदे के रुपये को मंदिर और छठ घाट के उपयोग में खर्च करने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और उनके साथ गाली-गलौज की गई।

आवेदन में नामजद आरोपियों में रामबाबू पासवान, शशि भूषण पासवान, किशुन जी पासवान, दिलखुश पासवान, सहदेव पासवान, रघुवीर पासवान, अजय पासवान, मुकेश पासवान, प्रमोद पासवान, गंगो पासवान और प्रिंस कुमार शामिल हैं।

सुधीर पासवान का आरोप है कि विवाद के दौरान दो आरोपियों ने उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बेहोशी की हालत में उनके गले से करीब 30 हजार रुपये मूल्य का सोने का हनुमानी लॉकेट भी निकाल लिया गया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बहेड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद उन्हें 5 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिली।

सुधीर पासवान ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी उन्हें धमकी दी जा रही है। उन्होंने मामले की जांच कर नामजद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Share