Home Featured बंदरों के हमले में 70 वर्षीय महिला घायल, पार्षद नवीन सिन्हा ने उठाई कार्रवाई की मांग।

बंदरों के हमले में 70 वर्षीय महिला घायल, पार्षद नवीन सिन्हा ने उठाई कार्रवाई की मांग।

दरभंगा: वार्ड नंबर 21 के मुफ्ती मोहल्ला में बंदरों के झुंड के हमले में करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घायल होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरों ने महिला के बाल नोच लिए और उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।

Advertisement

मामले को लेकर वार्ड 21 के स्थानीय पार्षद नवीन सिन्हा ने प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बंदरों की समस्या को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

नवीन सिन्हा के मुताबिक, फरवरी 2025 में बंदरों की समस्या के समाधान के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी, जिसमें नफीसुल रिंकू, मुकेश महासेठ और नवीन सिन्हा शामिल थे। समिति ने वन विभाग से एनओसी भी प्राप्त की थी। एनओसी में बंदरों को बिना शारीरिक क्षति पहुंचाए कम आबादी या नगण्य आबादी वाले क्षेत्र में स्थानांतरित करने की अनुमति दिए जाने की बात कही गई है।

पार्षद का आरोप है कि मई 2025 से लगातार इस समस्या के समाधान की कोशिश हो रही है, लेकिन सवा वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे, जिसका परिणाम यह है कि समस्या आज भी बनी हुई है।

Advertisement

नवीन सिन्हा ने बताया कि इससे पहले भी उनके वार्ड के करीब आधा दर्जन लोग बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक वार्ड में इतनी घटनाएं सामने आ चुकी हैं तो पूरे शहर में बंदरों के आतंक की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नवीन सिन्हा ने कहा कि अब चुप बैठना बेमानी होगा। लोगों की सुरक्षा के लिए कानून और प्रशासनिक व्यवस्था का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए बंदरों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले इलाकों से हटाया जाना चाहिए।

Share