
दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी का आरोप, पार्षदों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन।
दरभंगा: दरभंगा नगर निगम की बीके रोड स्थित दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी का गंभीर आरोप स्थानीय निगम पार्षदों द्वारा लगाया गया है। इसको लेकर सोमवार को पार्षदों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है।

पार्षदों ने अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी एवं वित्तीय घोटाले के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को आवेदन के माध्यम से अवगत कराया है कि नगर निगम ने दुकान आवंटन में निर्धारित नियमों, पात्रता मानदंडों एवं पारदर्शी प्रक्रिया का पालन नहीं किया है। आवंटन प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। इससे नगर निगम को करोड़ों रुपये की क्षति हुई हो सकती है। इस पूरे मामले में नगर निगम के संबंधित अधिकारियों व कर्मियों की भूमिका की भी जांच आवश्यक है।

डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में उप महापौर नाजिया हसन, पार्षद राकेश रोशन चौधरी, पूर्व पार्षद आशुतोष कुमार, पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति सदस्य चांदनी देवी, नफीसुल हक रिंकू, राजू पासवान, पार्षद शंकर प्रसाद जायसवाल, देव कृष्ण झा, सोनी पूर्वे व पूर्व स्थायी समिति सदस्य गंगा मंडल आदि शामिल थे।

