
साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही ऑनलाइन ठगी से बचाव का उपाय : डीएसपी
दरभंगा: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन कर लोग साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकते हैं। ये बातें गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रामनगर में आयोजित साइबर सुरक्षा-2026 जागरूकता संगोष्ठी सह कार्यशाला में साइबर सेल, दरभंगा के पुलिस उपाधीक्षक बिपिन बिहारी ने कहीं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
मुख्य अतिथि बिपिन बिहारी ने कहा कि ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और अपनी गोपनीय जानकारी को सुरक्षित रखना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षण के उपनिदेशक सजाउद्दीन ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास के साथ डिजिटल सुरक्षा की जानकारी होना भी आवश्यक है। डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
संस्थान के प्राचार्य एवं मुख्य संरक्षक कुमार विकास रजक ने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इस तरह के कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने और साइबर अपराधों से बचने में मददगार साबित होंगे।
कार्यक्रम का संचालन सुशील पासवान ने किया, जबकि रवि प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

