Home Featured गैस लीकेज से घर में सिलेंडर ब्लास्ट, दंपती व 3 माह के मासूम की जिंदा जलकर मौत, 8 घायल।

गैस लीकेज से घर में सिलेंडर ब्लास्ट, दंपती व 3 माह के मासूम की जिंदा जलकर मौत, 8 घायल।

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर तेनु पेड़ मोहल्ले में रविवार रात गैस सिलेंडर लीकेज से घर में जोरदार विस्फोट हो गया। चंद मिनटों में विकराल रूप ले चुकी आग ने गोविंद दास (30), उनकी पत्नी निशु कुमारी (26) और 3 माह के बेटे युवराज की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे में गोविंद के पिता बेचन दास, बड़ा भाई गौतम दास, पड़ोसी आदित्य ठाकुर व फायर ब्रिगेड कर्मी समेत 8 लोग झुलस गए।

Advertisement

मृतक निशु कुमारी बच्चे को गोद में लेकर किचन (तीसरी मंजिल पर शिफ्ट) में खाना बना रही थीं। माचिस जलाते ही गैस रिसाव से आग भड़क उठी और सिलेंडर फट गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में गोविंद भी आग की चपेट में आ गए। धुआं-लपटें खिड़की-वेंटिलेटर से बाहर निकलने लगीं। स्थानीय लोग पहुंचे, लेकिन संकरी जगह में आग बुझाना मुश्किल हो गया।

Advertisement

सूचना पर अग्निशमन की 4-5 गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीयों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि गैस रिसाव व माचिस से हादसा हुआ। वार्ड-2 पार्षद प्रतिनिधि भगवान लाल ठाकुर ने कहा कि दंपती का प्रेम विवाह था; एक 3 वर्षीय बच्चा सुरक्षित है।

अग्निशमन डीएसपी मोहम्मद फैज व जिला आपदा पदाधिकारी सलीम अख्तर ने पुष्टि की कि राहत कार्य में फायर कर्मी चंद्र मोहन पासवान भी घायल हुए। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस जांच में जुटी है। परिवार ने सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए मुआवजे की मांग की।

Share