Home Featured विद्यापति के नाम पर होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण, 346 करोड़ की 105 योजनाओं की सौगात के साथ सीएम ने की घोषणा।
Featured - मुख्य - 8 hours ago

विद्यापति के नाम पर होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण, 346 करोड़ की 105 योजनाओं की सौगात के साथ सीएम ने की घोषणा।

दरभंगा: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार, 22 नवंबर को दरभंगा के नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 346 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 105 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 103 योजनाओं का उद्घाटन और दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मिथिला और दरभंगा के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सबसे अहम घोषणा दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने को लेकर रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करेंगे।

चार किलोमीटर लंबा होगा दरभंगा एयरपोर्ट का रनवे

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। एयरपोर्ट का रनवे चार किलोमीटर लंबा होगा, जो पटना एयरपोर्ट के रनवे से लगभग डेढ़ गुना अधिक है। यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं, मार्च 2027 से पहले नए टर्मिनल भवन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्कूलों में मैथिली की पढ़ाई, मां सीता के नाम पर विश्वविद्यालय

मिथिला की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिहार के विद्यालयों में कक्षा एक से छह तक मैथिली भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की इस पावन धरती मिथिला को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

दरभंगा में विकसित होगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गया में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया गया है। इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन करना और एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाना है।

एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई और टेंडर की प्रक्रिया शुरू

दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए मिट्टी भराई और टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एम्स के निर्माण से मिथिला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने मिथिला की आर्थिक पहचान मखाना और दूध उत्पादन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में उत्पादित कुल मखाना का लगभग 80 प्रतिशत बिहार में होता है। मखाना अब केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का सुपर फूड बन गया है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

2047 तक विकसित भारत और 2037 तक समृद्ध बिहार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि बिहार वर्ष 2037 में अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा। तब तक बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

महाकवि विद्यापति को किया नमन, मां श्यामा मंदिर में की पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘मिथिलाक गाम’ खंड-3 और ‘अर्पण’ स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मिथिला सेवा संस्थान ने मुख्यमंत्री को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया।

दरभंगा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दरभंगा महाराज के किला परिसर स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा मंदिर में पूजा-अर्चना की और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर के प्रस्तावित पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली और आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों की ओर से विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों के बीच सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड तथा बैटरी चालित ट्राइसाइकिल सहित अन्य लाभों का वितरण किया।

इस अवसर पर पथ निर्माण एवं दरभंगा जिला के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेन्द्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मद्य निषेध एवं उत्पाद मंत्री मदन सहनी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, सांसद धर्मशीला गुप्ता, सांसद अशोक यादव सहित कई विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share