
दरभंगा: पिता ने पांच साल के बेटे का गला रेतकर पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला; खुदकुशी की भी कोशिश।
मासूम की मौके पर ही मौत, पत्नी और आरोपी पिता गंभीर रूप से जख्मी; पुलिस अभिरक्षा में दोनों का DMCH में चल रहा इलाज।
दरभंगा: जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही पांच साल के मासूम बेटे की हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की।
घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर टोले दरगाह की है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे अरुण चौपाल ने अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार पर हसुआ से हमला कर दिया। इस दौरान उसने खुद को भी गले पर वार कर जख्मी कर लिया।
हमले में पांच वर्षीय आर्यन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सकतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया। वहीं, जख्मी पत्नी और आरोपी अरुण चौपाल को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए DMCH भेजा गया है।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर, सकतपुर थानाध्यक्ष एवं दरभंगा की एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि, पिता ने अपने ही मासूम बेटे की हत्या और पत्नी पर हमले जैसी खौफनाक वारदात को आखिर किस वजह से अंजाम दिया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

