Home Featured दरभंगा आईटी पार्क में 76 सीटों पर स्टार्टअप शुरू कराने की पहल तेज, सांसद ने अधिकारियों और उद्यमियों के साथ किया निरीक्षण।
Featured - मुख्य - 15 hours ago

दरभंगा आईटी पार्क में 76 सीटों पर स्टार्टअप शुरू कराने की पहल तेज, सांसद ने अधिकारियों और उद्यमियों के साथ किया निरीक्षण।

दरभंगा: दरभंगा आईटी पार्क को सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। शनिवार को स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने आईटी पार्क के अधिकारियों और यहां कार्यरत आईटी कंपनियों के उद्यमियों के साथ बैठक कर स्टार्टअप को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

Advertisement

बैठक के बाद सांसद ने अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों के साथ आईटी पार्क परिसर का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं एवं स्टार्टअप शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने आईटी पार्क की सभी 76 सीटों का क्षमता के अनुरूप उपयोग करते हुए अधिक से अधिक आईटी कंपनियों और स्टार्टअप को जोड़ने का निर्देश दिया।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और नए उद्यम के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने आईटी पार्क के अधिकारियों को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के बिजनेस मैनेजमेंट सेंटर, इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य तकनीकी एवं प्रबंधन संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि छात्र-छात्राओं के लिए इंटर्नशिप की व्यवस्था शुरू की जा सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में अविकेयर, अप्लायंस सॉल्यूशन तथा ब्लू नियो कैंप नामक कंपनियां आईटी पार्क में 6-6 सीटों के साथ स्टार्टअप का काम कर रही हैं। जल्द ही बेंगलुरु में हुई बैठक में शामिल आईटी कंपनियों और उद्यमियों द्वारा भी दरभंगा आईटी पार्क के माध्यम से स्टार्टअप शुरू किए जाने की उम्मीद है।

बेंगलुरु की बैठक के बाद बढ़ी उम्मीद

सांसद ने बताया कि 22 अगस्त 2026 को बेंगलुरु में एसटीपीआई के अधिकारियों और विभिन्न आईटी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में ईकोपाथ, माय दुकान, फ्रूटेक्स, सिल्करूटेक सॉल्यूशंस, आइसन एक्सपीरियंसेज, एच.टी., रोबोप्रेनर, एआई, एमसेंस, मौर्या, सुरेखा और व्हिजमाइंड्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने दरभंगा आईटी पार्क में स्टार्टअप शुरू करने को लेकर चर्चा की थी।

सांसद के अनुसार, इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने दरभंगा एसटीपीआई का प्रत्यक्ष भ्रमण करने और यहां अपनी कंपनी की शाखा खोलने में भी रुचि दिखाई है।

प्रधानमंत्री ने किया था आईटी पार्क का शुभारंभ

डॉ. ठाकुर ने कहा कि 18 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से दरभंगा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटी पार्क का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य मिथिला के युवाओं को डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि आईटी पार्क में एक सीट के लिए विभाग की ओर से 3,600 रुपये तथा जीएसटी सहित 4,250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके बदले कंपनियों को जगह के साथ बिजली, इंटरनेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

दरभंगा बनेगा सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार का केंद्र

सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा को मिथिला का सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कर रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की यह पहल आने वाले समय में क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की आईटी कंपनियों की शाखाएं दरभंगा आईटी पार्क में खुलने से यहां सूचना प्रौद्योगिकी का नया इकोसिस्टम विकसित होगा और दरभंगा को आईटी सेक्टर के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Share