Home Featured अब दरभंगा जिले में नहीं कटेगी बिजली! 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का सांसद ने दिया निर्देश।
Featured - मुख्य - 3 days ago

अब दरभंगा जिले में नहीं कटेगी बिजली! 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का सांसद ने दिया निर्देश।

अंडरग्राउंड केबल और 400 केवी सुपर ग्रिड की स्थापना को लेकर भी हुई पहल, निर्माणाधीन विद्युत शक्ति केंद्रों की सांसद ने की समीक्षा

दरभंगा: दरभंगा जिले में बेहतर बिजली व्यवस्था और शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर बुधवार को स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

लहेरियासराय के बलभद्रपुर स्थित संसदीय कार्यालय में हुई बैठक में बिजली आपूर्ति, निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं, नए ग्रिड के निर्माण, दरभंगा शहर में भूमिगत बिजली केबल बिछाने तथा प्रस्तावित 400 केवी सुपर पावर ग्रिड की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद डॉ. ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दरभंगा शहर के साथ-साथ जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बिजली आपूर्ति में बाधा बनने वाले झुके और क्षतिग्रस्त बिजली पोल तथा जर्जर और लुंज-पुंज तारों को बदलने के लिए लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आम लोगों की बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान होना चाहिए। इसके लिए विभाग विशेष अभियान चलाकर शिकायतों का निपटारा करे, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Advertisement

बैठक में दरभंगा शहर में भूमिगत बिजली सप्लाई की व्यवस्था विकसित करने तथा जिले में 400 केवी के सुपर पावर ग्रिड की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने विभागीय अभियंताओं को दोनों योजनाओं को लेकर मिशन मोड में काम शुरू करने का सुझाव दिया।

सांसद ने बेनीपुर के महिनाम और बिरौल के कोठाराम में करीब 9-9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन विद्युत शक्ति केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

Advertisement

इसके अलावा दरभंगा एम्स के लिए स्वीकृत पावर ग्रिड को एम्स निर्माण स्थल पर ही स्थापित करने की दिशा में पहल शुरू करने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने को कहा।

बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। सांसद ने दरभंगा जिले में योजना की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को मिशन मोड में अभियान चलाकर इसकी गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश स्तर पर एक करोड़ परिवारों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बिजली उत्पादन एवं आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार के 2026-27 के बजट में बिजली क्षेत्र के लिए 2.99 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिसका उद्देश्य बिजली उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाना है।

बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, जिले के सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share