Home Featured दरभंगा सदर के नए एसडीओ कुमार गौरव ने संभाला पदभार, जाम, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाएं रहेंगी प्राथमिकता।
Featured - मुख्य - 2 weeks ago

दरभंगा सदर के नए एसडीओ कुमार गौरव ने संभाला पदभार, जाम, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाएं रहेंगी प्राथमिकता।

दरभंगा: दरभंगा सदर के नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार गौरव ने बुधवार को अपने कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यालय पहुंचने पर मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार उन्हें पाग एवं चादर भेंट कर सम्मानित किया गया तथा फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।

Advertisement

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए बड़ी जवाबदेही है और वे इसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ निभाएंगे। उन्होंने बताया कि वे झंझारपुर अनुमंडल से दरभंगा सदर आए हैं और वहां का प्रशासनिक अनुभव यहां कार्य करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा आम जनता से जुड़े प्रशासनिक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Advertisement

शहर में लगातार लगने वाले सड़क जाम की समस्या पर उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर ली गई है। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।

Advertisement

उन्होंने कहा कि दरभंगा में केंद्र एवं राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं, जैसे मेट्रो, एम्स तथा एयरपोर्ट विस्तार, प्रगति पर हैं। इन योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। साथ ही अंचल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाए रखा जाएगा।

Advertisement

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सरकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बरसात के मौसम को देखते हुए जलजमाव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और समय रहते आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

जनता से सीधे संवाद के संबंध में उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर कार्यालय में पर्ची के माध्यम से उनसे मिल सकता है। सभी फरियादियों को समय दिया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Share