Home Featured हफ्ते भर के अंदर दो रहस्यमयी घटनाओं का गवाह बना डरहार गांव, लोगों में खौफ।

हफ्ते भर के अंदर दो रहस्यमयी घटनाओं का गवाह बना डरहार गांव, लोगों में खौफ।

दरभंगा: दरभंगा में जिला मुख्यालय से सटा बहादुरपुर थानाक्षेत्र का एक गांव इनदिनों रहस्यमयी घटनाओं का केंद्र बन गया है। दरअसल, थानाक्षेत्र के डरहार गांव में हफ्ते भर के अंदर हुई दो घटनाओं में लूट एवं लूट के प्रयास के साथ साथ महिलाओं की चोटी काटने की हुई घटना ने रहस्य को और गहरा दिया है। गुरुवार की देर रात एवं शुक्रवार के अहले सुबह डरहार गांव के सुमन चौधरी के मकान में लूट की मंशा से अपराधियों के घर में घुसने और घर मे सोयी उनकी पुत्री की चोटी काटने की घटना ने सनसनी मचा दी है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित के घर पहुंच गए और लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश व्यक्त करने लगे।

Advertisement

वहीं घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुन्नजय कुमार दल बल के साथ पहुंचकर जांच में जुट गए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजीव कुमार एवं ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने भी पहुंचकर घंटो मामले की गहनता से जांच की। डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक की टीम को भी बुलाया गया।

Advertisement

पीड़ित गृहस्वामी सुमन कुमार चौधरी ने बताया कि उनके नीचे वाले रूम में छोटी पुत्री सोयी हुई थी। अहले सुबह करीब चार बजे पुत्री ने उनलोगों को बताया कि घर मे कोई आया था क्योंकि सामान सब बिखरा हुआ है। वे लोग नीचे गए तो देखा कि पुत्री का पीछे से बाल कटा हुआ है। साथ ही पुत्री के पर्स में रखा एक हजार रुपया गायब था। उन्होंने बताया कि घटना करीब रात के ढाई और तीन बजे के बीच की है। वे करीब पौने तीन बजे शौच केलिए उठे थे। उनके जगने की आहट सुनकर बदमाश भाग गया। उनकी पुत्री ने भी एक व्यक्ति को सीढ़ी की तरफ भागते देखा था।

Advertisement

वहीं सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी तत्परता के मामले की जांच में जुट गयी। सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। अपराधी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Share