Home Featured विभागीय सेवा समायोजन की मांग पर एकजुट हुए डाटा एंट्री व कंप्यूटर ऑपरेटर, मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।
Featured - मुख्य - 2 days ago

विभागीय सेवा समायोजन की मांग पर एकजुट हुए डाटा एंट्री व कंप्यूटर ऑपरेटर, मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।

दरभंगा: बेल्ट्रॉन के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों ने आउटसोर्स व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद की है। बिहार राज्य डाटा एंट्री/कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, जिला इकाई दरभंगा के तत्वावधान में संयुक्त मोर्चा के तहत रविवार को लहेरियासराय स्थित कर्मचारी विश्राम गृह में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश मेहता ने की।

आपका सहयोग हमारी ताकत

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों एवं प्रखंड स्तर के कार्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने आउटसोर्स एवं ठेका मजदूरी व्यवस्था पर चर्चा करते हुए इसके प्रति विरोध जताया। कर्मचारियों ने विभागीय सेवा समायोजन को अपनी एकल मांग बताते हुए इसके लिए सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर पिछले करीब 25 वर्षों से सचिवालय से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विभागीय कार्यों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद आउटसोर्स व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को सेवा संबंधी विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने कहा कि विभागीय सेवा समायोजन की मांग को लेकर जिले के सभी बेल्ट्रॉन कर्मी एकजुट हैं। इस मुद्दे पर आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में संयुक्त मोर्चा की ओर से आगामी दिनों में प्रस्तावित आंदोलनात्मक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित कर्मचारियों ने निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। साथ ही मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई।

बैठक में सुनील कुमार मेहता, सुनील कुमार, गुड्डू कुमार, चंद्रशेखर कुमार, पिंकू कुमार, खगेन्द्र कुमार, अंजय कुमार, दीपक कुमार, राजेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार, रंजीत कुमार, दशरथ कुमार, पंकज कुमार एवं ए. रहमान सहित जिले के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद थे।

Share