
पोखर में उपलाता मिला दो दिनों से लापता बुजुर्ग का शव।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता पंचायत में मंगलवार को पोखर में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निस्ता गांव निवासी 60 वर्षीय अकलू मलिक के रूप में हुई है। वे पिछले दो दिनों से लापता थे। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ग्रामीणों ने घर के पीछे स्थित होलिया पोखर में एक व्यक्ति का शव उपलाता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दरभंगा भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, अकलू मलिक की आंखों की रोशनी कमजोर थी और उन्हें रात में ठीक से दिखाई नहीं देता था। वे मानसिक रूप से भी कमजोर थे। उनकी पत्नी की करीब चार वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद से वे पोखर किनारे बने अपने घर में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी बोलने में असमर्थ है।
मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता पिछले दो दिनों से लापता थे। परिवार के सदस्य लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच घर के पीछे स्थित पोखर में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
मृतक के भतीजे संतोष मलिक ने बताया कि अकलू मलिक उनके चाचा थे और एक-दो दिनों से लापता चल रहे थे। मंगलवार को उनका शव मिलने की जानकारी मिली।
वहीं, निस्ता पंचायत के मुखिया तुलसी पासवान ने बताया कि वार्ड सदस्य ने होलिया पोखर में एक व्यक्ति का शव उपलाने की सूचना दी थी। इसके बाद थाना और अंचलाधिकारी (सीओ) को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान अकलू मलिक के रूप में हुई।
फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

