Home Featured पर्वेक्षणगृह में नाबालिग की मौत मामले में कारवाई की मांग, मानवाधिकार संगठन की बैठक में उठा मुद्दा।
Featured - मुख्य - 2 days ago

पर्वेक्षणगृह में नाबालिग की मौत मामले में कारवाई की मांग, मानवाधिकार संगठन की बैठक में उठा मुद्दा।

दरभंगा: बेनीपुर अनुमंडल के नगर परिषद वार्ड-12 स्थित पीपरा गांव में मानवाधिकार इमर्जेंसी हेल्पलाइन एसोसिएशन, नई दिल्ली की जिला शाखा दरभंगा की ओर से एक आक्रोश सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष उमाकांत यादव ने की, जबकि संचालन प्रशासनिक पदाधिकारी प्रमोद कुमार साहु ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संगठन के प्रमंडलीय अध्यक्ष मनोहर कुमार झा ने वर्ष 2025 में पर्वेक्षणगृह में हुई नाबालिग भरत दास सहित तीन नाबालिगों की संदिग्ध मौत का मामला उठाया। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की स्वतंत्र जांच टीम ने अपनी जांच में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष एवं अनुसंधान में शामिल पुलिसकर्मियों द्वारा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 10 के उल्लंघन की बात कही है, जिसके कारण भरत दास की मौत हुई। साथ ही पर्वेक्षणगृह के कर्मियों की कथित लापरवाही की भी चर्चा की गई।

Advertisement

मनोहर कुमार झा ने कहा कि आयोग ने इस मामले में दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई से अवगत कराने के लिए 2 जुलाई 2026 को बिहार के पुलिस महानिदेशक को पत्र (केस संख्या 4228/04/10/2025-DH) भेजा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग के निर्देशों के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सका है। इसी मुद्दे पर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

सभा में राम भरोस ठाकुर, दिनेश प्रसाद, उमेश प्रसाद सिंह, राहुल कुमार, शशि कुमार सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

(नोट: यह समाचार मानवाधिकार इमर्जेंसी हेल्पलाइन एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होना शेष है।)

Share