
भूमि व भवन समेत बुनियादी सुविधाओं की मांग, +2 विद्यालय के गेट पर धरना।
दरभंगा: शिक्षा बचाओ–स्कूल कॉलेज ठीक करो अभियान के तहत देकुली स्थित +2 विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर गुरुवार को छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय के लिए पर्याप्त भूमि एवं स्थायी भवन उपलब्ध कराने, घेराबंदी कराने तथा शिक्षकों और कर्मचारियों की बहाली की मांग की। साथ ही शौचालय, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना की अध्यक्षता आइसा नेता गोपाल कुमार एवं आरवाईए नेता हरिश्चंद्र पासवान ने की। सभा को संबोधित करते हुए आइसा नेता प्रिंस राज ने भाजपा-जदयू सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे बिहार में +2 विद्यालय खोलने की घोषणा तो कर दी, लेकिन कई विद्यालयों के संचालन के लिए पर्याप्त भूमि और भवन की व्यवस्था नहीं की गई। कई जगह +2 विद्यालयों को मध्य विद्यालय के भवन में संचालित किए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जिले के कई +2 विद्यालय भूमि और भवन की समस्या से जूझ रहे हैं। सरकार को ऐसे विद्यालयों के लिए तत्काल पर्याप्त भूमि एवं स्थायी भवन उपलब्ध कराना चाहिए।
अभिभावक नंदलाल ठाकुर ने कहा कि देकुली में +2 विद्यालय संचालित होने के बावजूद पर्याप्त भूमि और समुचित भवन उपलब्ध नहीं है। इससे छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का दावा करती है, लेकिन विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

