
बाल दिवस पर बच्चों के अधिकार, शिक्षा और संस्कारों पर हुई चर्चा, आवासित बच्चों के बीच मनाया गया उत्सव।
दरभंगा : 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर वृहद आश्रय गृह, भराठी के सभागार में आवासित बालक-बालिकाओं के साथ बाल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संरक्षण सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित बाल कल्याण समिति के सदस्य अजीत कुमार मिश्र ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा कि बच्चों पर ही उनके परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है। बच्चे बीज के समान होते हैं और जैसा बीज होगा, वैसा ही पौधा तैयार होगा। उन्होंने बच्चों से अपने अंदर की कमियों को दूर कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सुखद जीवन, समरस समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र की वास्तविक पूंजी उसके प्राकृतिक और आर्थिक संसाधन नहीं, बल्कि चरित्रवान युवा होते हैं।
बाल कल्याण समिति के सदस्य संदीप कुमार झा ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल दिवस उनके जन्मदिवस पर मनाया जाता है। यह दिन बच्चों के प्रति स्नेह, आदर और सामाजिक प्रतिबद्धता को याद करने का अवसर है। उन्होंने बच्चों को उनके चार प्रमुख अधिकारों की जानकारी भी सरल भाषा में दी।
वहीं, अतिथि शिक्षक कुमारी भारती रंजन ने कहा कि सपनों में ही भविष्य के इतिहास की पहली इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कविता के माध्यम से बच्चों को प्रेरित किया और समाज में प्रतिदिन घटित हो रही घटनाओं के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
शिक्षक एवं गायत्री परिवार से जुड़े बृजनंदन शर्मा ने संगीत के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन किया। साथ ही नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों की महत्ता समझाते हुए उन्हें जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी बेबाकी से अपनी बातें रखीं और अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बच्चों के बीच बिस्कुट, टॉफी, कॉपी और कलम का वितरण कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत भाषण बाल गृह के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बालिका गृह की अधीक्षिका कंचन झा ने किया।
मौके पर प्रोवेशन पदाधिकारी राघव ठाकुर सहित आश्रय गृह के सभी आवासित बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।

