Home Featured पानी की बोतल के 10 रुपये पर विवाद- युवक की चाकू से हत्या, एक नाबालिग समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

पानी की बोतल के 10 रुपये पर विवाद- युवक की चाकू से हत्या, एक नाबालिग समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में 25 जून की शाम पानी की बोतल के 10 रुपये की मांग को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के नामजद आरोपी प्रमोद साहु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त खून लगी चाकू पहले ही बरामद की जा चुकी है।

Advertisement

एसडीपीओ के अनुसार, विवाद चाचा-भतीजा धर्मवीर कुमार उर्फ गोलू कुमार और चंदन कुमार के बीच हुआ था। तनातनी के दौरान धर्मवीर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि चंदन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल चंदन का इलाज पटना स्थित पीएमसीएच में चल रहा है।

Advertisement

हत्या की तहरीर मृतक की मां पवित्रि देवी द्वारा बहेड़ा थाने में देे दी गई। उनके आवेदन पर बहेड़ा थाना कांड नंबर 382/26 में ललिता देवी, प्रमोद साहु, प्रभाष कुमार और संतोष साहु को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। प्रारंभिक जांच में नामजद अभियुक्त ललिता देवी को पहले ही गिरफ्तार किया गया था और उसके बयान पर घटना में प्रयुक्त खून लगी चाकू बरामद कर ली गई थी।

Advertisement

एसआईटी गठित कर की गई जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा पुलिस ने वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बेनीपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी। 29 जून को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पाली चौक से मुख्य नामजद आरोपी प्रमोद साहु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भी संलिप्तता स्वीकार की है। 30 जून को एक नाबालिग बालक को भी पकड़ लिया गया है।

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार, अपर थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, अनुराधा कुमारी, विक्की कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है और शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी रखी जा रही है।

Share