
मुहर्रम को शांति-पूर्ण रूप से मनाने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन सर्तक, शहर में फ्लैग मार्च।
दरभंगा: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुकूल मनाए जाने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारम्भ होकर लहेरियासराय टावर, पंडासराय, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, दरभंगा रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी और बेंता सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को शांति बनाए रखने तथा सुरक्षा सहयोग का संदेश दिया।

जिला प्रशासन ने मुहर्रम पर्व के मद्देनजर जिलेभर में अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त किया है। 515 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और हजारों की संख्या में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और 24 घंटे सतर्कता बरती जा रही है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की और कहा कि प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने बताया कि असामाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार से विधि-व्यवस्था भंग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति और सद्भाव बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जवान शामिल थे।

