
डीडीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, गन्ना क्षेत्र विस्तार की हुई समीक्षा।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 05 अगस्त (बुधवार) को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों, विभिन्न विभागों के लंबित मामलों तथा गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।

विभागवार समीक्षा में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व और जन शिकायतों से जुड़ी प्रगति पर चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जाए तथा यूसी/डीसी बिलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
शिविर में त्वरित निष्पादन पर जोर
उप विकास आयुक्त ने कहा कि 05 अगस्त को आयोजित सहयोग शिविर को गंभीरता व प्रभावी समन्वय के साथ सफल बनाना है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारियों को चिन्हित पंचायतों में कन्या विवाह मण्डप निर्माण के लिए तकनीकी प्रस्ताव तैयार कर स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) को आवश्यक सूची उपलब्ध कराने के आदेश दिये गये।
गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान की तेज समीक्षा
बैठक में जिले में रैयाम व सकरी चीनी मिलों की स्थापना के उद्देश्य से गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान पर भी व्यापक चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों व पंचायतों में किसानों के बीच जनजागरूकता, गन्ना किसान पंजीकरण तथा चीनी मिल सहकारिता सदस्यता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 16,000 से अधिक किसानों ने गन्ना के लिए पंजीकरण कराया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चीनी मिल के सफल संचालन हेतु लगभग 30,000 एकड़ क्षेत्र में गन्ना खेती आवश्यक है। इसी को लक्ष्य बनाकर जिले में गन्ना क्षेत्र का विस्तार कर अधिकतम किसानों को गन्ना उत्पादन एवं सहकारिता से जोड़ा जाएगा। डीडीसी ने निर्देश दिये कि प्रखंड व पंचायत स्तर पर सहकारिता, कृषि, गन्ना उद्योग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों द्वारा व्यापक बैठकों का आयोजन कर किसानों को गन्ना खेती के लाभ, आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा सहयोग शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को अभियान से जोड़ा जाए।
राजस्व व अन्य तैयारियाँ
अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार ने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिये कि वे राजस्व कर्मचारियों से दूरभाष पर समन्वय स्थापित कर लंबित योगदान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करायें। 15 अगस्त को प्रस्तावित पर्चा वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय रहते पूरी करने का भी निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

