Home Featured राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सात जून तक करें सुनिश्चित: डीएम।
Featured - मुख्य - May 31, 2026

राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सात जून तक करें सुनिश्चित: डीएम।

दरभंगा: राजस्व कार्यो में लेट लतीफी और लापरवाही पर दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार का सख्त रवैया सामने आया है। इसको लेकर रविवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बेनीपुर एवं बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में सभी राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) उपस्थित रहे।

Advertisement

बैठक के दौरान डीएम ने राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश सभी सीओ को दिया। समीक्षा के क्रम में परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार तथा राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

Advertisement

डीएम ने सभी सीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन आगामी सात जून तक हर हाल में करना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक राजस्व कर्मचारी ने आवेदक के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहने के बावजूद आवेदन को वापस कर दिया था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर समाहर्ता (राजस्व) को संबंधित राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

Advertisement

साथ ही अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं संबंधित डीसीएलआर को संयुक्त रूप से समिति गठित कर मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी हो, उनमें आवेदकों से आवश्यक अभिलेख मंगाकर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निवारण में किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने विशेष अभियान के दिन अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य पूर्ण कराने तथा उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Advertisement

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में किसानों की पहचान कर विशेष अभियान के माध्यम से उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना सुनिश्चित करें। डीएम ने जमाबंदी सुधार के लिए प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, डीसीएलआर बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह, सभी सीओ आदि उपस्थित थे।

Share