
दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल निर्माण का डीएम ने किया निरीक्षण, अस्थायी एप्रोच रोड पर दिए अहम निर्देश।
दरभंगा: दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन दरभंगा एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली और परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टर्मिनल भवन के लिए प्रस्तावित अस्थायी पहुंच पथ (एप्रोच रोड) के एलाइनमेंट का भी स्थल पर निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि एलाइनमेंट इस प्रकार तैयार किया जाए कि मुजफ्फरपुर और पूर्णिया की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पार करने की आवश्यकता न पड़े। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस दौरान पथ निर्माण विभाग, पटना से आई सर्वेक्षण टीम ने भी प्रस्तावित एलाइनमेंट का तकनीकी परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ अस्थायी एप्रोच रोड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय एयरपोर्ट, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, जिला प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के अभियंता तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

