
मंडल कारा का डीएम व नगर एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी ने बुधवार को संयुक्त रूप से मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारा की प्रशासनिक व्यवस्था, कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं नगर एसपी ने कारा में संधारित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों ने कैदियों के कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही कारा प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारा परिसर में सुरक्षा के लिए लगाए गए विभिन्न उपकरणों की स्थिति और उनकी क्रियाशीलता की भी जांच की। डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा सभी सुरक्षा उपकरणों को नियमित रूप से क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान धनवंतरी चिकित्सीय औषधि पार्क का डीएम ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया। कारा के अंदर और बाहर पर्याप्त रोशनी के लिए वेपर लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिया।
मौके पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, भवन निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अभियंता, कारा अधीक्षक, जेलर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

