Home Featured डीएम ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं पर्यवेक्षण गृह में बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा।
Featured - मुख्य - 2 days ago

डीएम ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं पर्यवेक्षण गृह में बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा।

दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, दरभंगा तथा पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में रह रहे बच्चों की देखरेख, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और संरक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान संस्थान के अभिलेखों और बच्चों से संबंधित रिकॉर्ड के संधारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने तथा दत्तक ग्रहण से संबंधित प्रक्रियाओं का नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों की आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, शिक्षा तथा संरक्षण एवं पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और संस्थानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, सिविल सर्जन अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा संजय कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह, सहायक निदेशक अनिमेष कुमार चंद्र, बाल संरक्षण पदाधिकारी राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share