Home Featured फार्मर रजिस्ट्रेशन और पीएम सूर्य घर योजना की डीएम ने की समीक्षा

फार्मर रजिस्ट्रेशन और पीएम सूर्य घर योजना की डीएम ने की समीक्षा

दरभंगा: जिले में किसानों के पंजीकरण और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को हनुमाननगर प्रखंड कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के कर्मियों को प्रखंड क्षेत्र के सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। इसके लिए विशेष कैंप आयोजित करने और किसानों को पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि उन्हें कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित कर्मियों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।

वहीं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को चिह्नित कर उनसे आवेदन कराने तथा इच्छुक उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकें।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, हनुमाननगर के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा मोना ऋचा सहित कृषि और विद्युत विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share