
डीएम-एसएसपी ने श्रावणी मेले की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
दरभंगा: श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त रूप से कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, यातायात, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, नियंत्रण कक्ष तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम दर्शन-पूजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, प्रभावी भीड़ नियंत्रण तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित प्रशासन, पुलिस और मंदिर न्यास के अधिकारी उपस्थित रहे।

