
DMCH सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अब 7 सितंबर से शुरू होगी न्यूरो सर्जरी ओटी और आईसीयू की सेवा।
पैथ लैब शुरू करने की तैयारी तेज, डीएम ने अधीक्षक को दिए जरूरी निर्देश
दरभंगा: डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को शुरू करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सा संसाधनों और सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीएम ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में तैयार न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। समीक्षा के बाद उन्होंने इन्हें 7 सितंबर 2026 से क्रियाशील करने का निर्देश अस्पताल अधीक्षक को दिया।
इसके साथ ही गंभीर मरीजों की जांच और उपचार की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध कराने के लिए पैथ लैब शुरू करने की दिशा में सभी आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने अस्पताल अधीक्षक को मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने को कहा। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की भी जानकारी ली तथा मरीजों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले सभी आवश्यक उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
सदर अस्पताल, गंगवाड़ा की सर्जिकल व्यवस्था पर भी हुई समीक्षा
बैठक में सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सर्जिकल सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष चर्चा हुई। डीएम ने सिविल सर्जन और डीपीएम स्वास्थ्य को जरूरी संसाधन, चिकित्सकीय व्यवस्था और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सदर अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी, सामान्य सर्जरी समेत अन्य जरूरी सर्जिकल सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने को कहा। इसका उद्देश्य मरीजों को छोटी और आवश्यक सर्जरी के लिए दूसरे अस्पतालों में जाने की जरूरत कम करना और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सकीय कर्मियों की उपलब्धता के साथ उनके प्रशिक्षण पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल हो सके।
प्रशासन के अनुसार, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में न्यूरो सर्जरी ओटी और आईसीयू के शुरू होने से गंभीर मरीजों को इलाज की नई सुविधा मिलेगी, जबकि कैथ लैब के संचालन से हृदय संबंधी गंभीर मरीजों की जांच और उपचार की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

