Home Featured हराही तालाब में मिट्टी भराई और स्टोन पिचिंग पर डीएम की सफाई, बोले- थोड़ा अच्छा पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है।
Featured - मुख्य - 21 hours ago

हराही तालाब में मिट्टी भराई और स्टोन पिचिंग पर डीएम की सफाई, बोले- थोड़ा अच्छा पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है।

दरभंगा: शहर के प्रमुख हराही तालाब में चल रहे मिट्टी भराई और स्टोन पिचिंग के कार्य को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तालाबों के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए चल रहे कार्यों के दौरान लोगों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन इसका उद्देश्य क्षेत्र को बेहतर स्वरूप देना है।

Advertisement

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में शहर के तालाब क्षेत्र से लगभग सभी अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर हाईकोर्ट की रोक के कारण अतिक्रमण अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है।

मिट्टी भराई पर रोक के कारण विकास कार्य की गति कुछ धीमी हुई है। डीएम ने बताया कि तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक सीमित मिट्टी भराई की अनुमति को लेकर विभाग के माध्यम से रिपोर्ट और अनुरोध भेजा गया है।

हराही तालाब में हुए स्टोन पिचिंग के कार्य का उल्लेख करते हुए डीएम ने कहा कि काम काफी अच्छा हुआ है और इससे तालाब का स्वरूप पहले की तुलना में बेहतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों से तालाबों की स्थिति काफी खराब रही है। अब तीनों तालाबों के सौंदर्यीकरण का काम पूरा होने के बाद यहां एक बेहतर पर्यटन क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है।

डीएम ने कहा कि विकास कार्य का अंतिम परिणाम बेहतर होगा और इसके बाद दरभंगा के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

उन्होंने लोगों से विकास कार्य के दौरान होने वाली असुविधा को समझने की अपील करते हुए कहा, थोड़ा अच्छा पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है, यह बात लोगों को समझना चाहिए।

Share