Home Featured पुराने वीडियो को भ्रामक तरीके से वायरल न करें, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : ग्रामीण एसपी।

पुराने वीडियो को भ्रामक तरीके से वायरल न करें, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई : ग्रामीण एसपी।

दरभंगा: सकतपुर थाना क्षेत्र के उड़ान धर्मपुर में शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से जुड़े करीब एक वर्ष पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से वायरल किए जाने पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

मंगलवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में जारी बयान में ग्रामीण एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई भी वीडियो, फोटो या पोस्ट साझा नहीं करें, जिससे विधि-व्यवस्था प्रभावित हो या किसी व्यक्ति अथवा समुदाय की भावनाएं आहत हों।

Advertisement

उन्होंने बताया कि वायरल किया जा रहा वीडियो 21 जुलाई 2025 का है। उस दिन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार का पीछा किया था। इस दौरान चालक अखिलेश कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की थी। तलाशी के दौरान वाहन और बोरी से शराब बरामद की गई थी। शराब जब्त कर पुलिस जब थाना लौट रही थी, उसी समय किसी ने उक्त वीडियो बनाया था।

Advertisement

ग्रामीण एसपी ने कहा कि अब उसी पुराने वीडियो को भ्रामक तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सामग्री को साझा करने से बचें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक पोस्ट वायरल करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share