
एक नशेड़ी ने अकेले चार पुलिसकर्मियों को किया घायल, शराबबंदी वाले बिहार में कानून पर फिर सवाल।
दरभंगा: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब के नशे में हंगामा और मारपीट की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। अब नशे में धुत एक युवक के दुस्साहस का ऐसा मामला सामने आया है, जहां आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी उसके कहर से नहीं बच सके। एक युवक ने अकेले डायल-112 की टीम के चार पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया।

मामला सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा वार्ड नंबर-1 का है। गुरुवार की रात डायल-112 को सूचना मिली थी कि एक युवक शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवक ने पुलिस टीम के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि आरोपी ने अकेले ही पुलिसकर्मियों से हाथापाई की, जिसमें एसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलों में एसआई दिनेश शर्मा, सिपाही अनीश कुमार, सिपाही रौशन कुमार और सिपाही मनिता कुमारी शामिल हैं। एसआई दिनेश शर्मा को अपेक्षाकृत गंभीर चोट लगी है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। सभी घायलों का इलाज सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिंहवाड़ा थाना पुलिस की गश्ती टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मिट्ठू कुमार साहू (25) के रूप में हुई है।
कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन के अनुसार, आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शराबबंदी के बीच यह घटना कई सवाल भी खड़े करती है। जिस राज्य में शराब की बिक्री और सेवन पर कानूनन रोक है, वहां एक युवक का शराब के नशे में हंगामा करना और कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर देना शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है।

