
दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली जलाने के लिए लेना होगा अस्थायी कनेक्शन
दरभंगा: दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में बिजली का उपयोग करने वाली पूजा समितियों को अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना होगा। बिजली कंपनी ने एक किलोवाट के अस्थायी कनेक्शन के लिए 1,878 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। कनेक्शन लेने के बाद ही पूजा पंडालों में बिजली का उपयोग किया जा सकेगा। हालांकि, मंदिर के पास बनाए जा रहे वैसे पूजा पंडाल, जहां पहले से मंदिर के नाम पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध है, उन्हें दोबारा कनेक्शन लेने की जरूरत नहीं होगी।
जिले में कुल 258 पूजा पंडाल चिह्नित किए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्र के 42 और ग्रामीण क्षेत्रों के 216 पंडाल शामिल हैं। दुर्गा पूजा के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली कंपनी ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पंडालों और मेला क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुरक्षित बनाने के लिए विशेष निरीक्षण कराया जाएगा।
विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बिजली अधिकारियों को पूजा पंडालों एवं मेला स्थलों के आसपास बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। इसके तहत पंडालों के आसपास से गुजरने वाले जर्जर और पुराने बिजली तारों की मरम्मत कराई जा रही है। सबसे अधिक मरम्मत का कार्य लहेरियासराय क्षेत्र में किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से जहां बिजली के तार या पोल खतरनाक स्थिति में पाए जाएंगे, वहां आवश्यक सुधार किया जाएगा।
भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों पर बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। पंडालों के पास लगे लोहे के खंभों पर डाई-इलेक्ट्रिक पेंटिंग भी कराई जाएगी, ताकि बिजली के करंट से होने वाले हादसों का जोखिम कम किया जा सके।
विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान फ्यूज कॉल सेंटर 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। बिजली आपूर्ति बाधित होने या बिजली से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना उपभोक्ता संबंधित फ्यूज कॉल सेंटर के नंबर पर दे सकेंगे।
अस्थायी बिजली कनेक्शन का शुल्क: एक किलोवाट के लिए 1,878 रुपये, 10 किलोवाट के लिए 11,481 रुपये, 20 किलोवाट के लिए 20,762 रुपये, 30 किलोवाट के लिए 30,042 रुपये, 40 किलोवाट के लिए 39,323 रुपये, 50 किलोवाट के लिए 48,600 रुपये और 100 किलोवाट के लिए 95,008 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
बिजली संबंधी शिकायत के लिए संपर्क नंबर: शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 7763818777, ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 9264456412 और बेनीपुर क्षेत्र के उपभोक्ता 7633997831 पर संपर्क कर सकते हैं।

