Home Featured उमस भरी गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से जीना मुहाल, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का आक्रोश।
Featured - मुख्य - 19 hours ago

उमस भरी गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से जीना मुहाल, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का आक्रोश।

दरभंगा: दरभंगा में उमस भरी गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली गुल होने से शहरवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर अब लोगों का आक्रोश सोशल मीडिया पर भी खुलकर सामने आने लगा है।

Advertisement

फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्थानीय लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों ने लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर पोस्ट साझा कर अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। कुछ पोस्ट में मौजूदा स्थिति की तुलना सीधे ‘लालटेन युग’ से की गई है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बहादुरपुर क्षेत्र में बिजली की लगातार कटौती को लेकर बिजली विभाग के जेई से सवाल पूछा गया है। वहीं, दूसरी पोस्ट में बिजली विभाग के अधिकारियों पर लोड शेडिंग के नाम पर बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाया गया है। एक अन्य पोस्ट में भीषण गर्मी के बीच पंखा तक नहीं चल पाने की स्थिति को ‘लालटेन युग की वापसी’ बताया गया है।

Advertisement

बिजली संकट का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण घरों और मोहल्लों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही है। इससे कई इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा है और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। रात में बिजली कटने के बाद पंखे और कूलर बंद हो जाने से उमस भरी गर्मी में लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

लगातार सामने आ रही सोशल मीडिया प्रतिक्रियाएं इस बात का संकेत हैं कि बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब शहरवासियों की मांग है कि बिजली विभाग बार-बार होने वाली कटौती की वजह स्पष्ट करे और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए।

बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों की बढ़ती परेशानी के बीच अब निगाहें बिजली विभाग और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share