
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का सपना दिखाकर इंजीनियर से डेढ़ करोड़ की ठगी
दरभंगा: सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक निजी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आई एक युवती ने पहले दोस्ती बढ़ाई और फिर बेहतर भविष्य तथा शेयर बाजार में निवेश के नाम पर युवक को अपने जाल में फंसा लिया। तीन महीने के भीतर अलग-अलग किस्तों में 30 बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 2 नवंबर को साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीड़ित की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। आवेदन के अनुसार, इंस्टाग्राम पर एक युवती ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद बातचीत शुरू हुई। युवती ने उनकी तारीफ करते हुए दोस्ती करने की इच्छा जताई और आगे चलकर शादी कर बेहतर जिंदगी बिताने का भरोसा दिलाया।
धीरे-धीरे युवती ने दीपक का विश्वास जीत लिया। उसने शेयर बाजार की विभिन्न कंपनियों में निवेश करने का प्रलोभन दिया। दावा किया कि निवेश के जरिए अच्छी कमाई होगी और दोनों बेहतर जिंदगी जी सकेंगे। उसके झांसे में आकर दीपक ने तीन महीने के दौरान करीब डेढ़ करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। बताया जाता है कि युवती ने 30 बैंक खातों में रुपये मंगवाए थे। दीपक ने अपनी मां और बहन के बैंक खातों से भी रुपये लेकर उसे ट्रांसफर किए।
वीडियो कॉल से बचती रही युवती
पीड़ित के अनुसार, युवती ने कभी वीडियो कॉल पर बातचीत नहीं की। वह केवल ऑडियो कॉल के माध्यम से संपर्क करती थी। बातचीत के दौरान वह लगातार तरह-तरह के सपने दिखाकर दीपक को निवेश के लिए प्रेरित करती रही। युवती के झांसे में आकर इंजीनियर लगातार रुपये भेजते रहे।
पैसे मांगे तो रख दी 25 प्रतिशत भुगतान की शर्त
ठगी का खुलासा तब हुआ, जब दीपक को खुद पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने युवती से अपनी जमा राशि वापस मांगी। इस पर युवती ने बताया कि सिस्टम में मेंटेनेंस का काम चल रहा है, इसलिए भुगतान में दो-तीन दिन का समय लगेगा। निर्धारित समय बीतने के बाद दोबारा रुपये मांगने पर युवती ने जमा राशि वापस करने के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त रकम जमा करने की शर्त रख दी।
इसके बाद दीपक को संदेह हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और 2 नवंबर को साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।
युवती की पहचान और बैंक खातों की जांच शुरू
साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि दीपक कुमार झा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इंस्टाग्राम पर युवती की तस्वीर की जांच करने पर उसकी वास्तविक पहचान से संबंधित जानकारी नहीं मिल सकी है। तकनीकी माध्यमों से साइबर ठगी में शामिल युवती की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जिन बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, उनका सत्यापन कराया जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित बैंक खाते कहां-कहां खोले गए हैं और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची है।

