Home Featured बीस महीने बाद भी बस गेट-दीवार; दरभंगा में एम्स निर्माण पर दो दिवसीय सत्याग्रह।
Featured - मुख्य - 7 days ago

बीस महीने बाद भी बस गेट-दीवार; दरभंगा में एम्स निर्माण पर दो दिवसीय सत्याग्रह।

दरभंगा: एम्स बनाओ अभियान व नागरिक समाज दरभंगा के तत्वावधान में दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर आयोजित दो दिवसीय सत्याग्रह आज समाप्त हुआ। आयोजकों का कहना है कि 13 नवंबर 2024 को प्रधानमंत्री द्वारा बहादुरपुर अंचल के बलिया मौजा में किये गए शिलान्यास के बीस महीने बाद भी काम नगण्य है तथा जनता अभी तक एम्स में इलाज की सुविधा से वंचित है।

सत्याग्रहियों ने बताया कि शिलान्यास के बाद स्थल पर केवल प्रवेश द्वार और लगभग चार सौ मीटर की चहारदीवारी का निर्माण हुआ है, जबकि भवन निर्माण और स्थल विकास के लिए अभी तक किसी भी प्रकार का टेंडर नहीं निकाला गया है। इस स्थिति को आयोजक सरकार की उदासीनता और एम्स निर्माण को लेकर कथित साजिश करार दे रहे हैं। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री की घोषणाएँ अब लोगों के लिये “जुमला” की श्रेणी में आ चुकी हैं और अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाया तो नागरिकों को सड़क पर संघर्ष करना होगा। सत्याग्रह को इसी संघर्ष की कड़ी बताया गया।

कार्यक्रम में नागरिक समाज के संयोजक उमेश राय के साथ भाकपा जिला सचिव नारायणजी झा, भाकपा माले के जिला सचिव वैद्यनाथ यादव, माकपा के जिला सचिव व मंडल सदस्य दिलीप भगत, शिव प्रसाद यादव, सुभाष पासवान, रामवृक्ष यादव, राहत अली, राजीव चौधरी, बीरेंद्र यादव, गोपाल ठाकुर, प्रेमचन्द्र उर्फ भोलू यादव, विनोद साह तथा सत्य नारायण पासवान समेत अनेक नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आयोजकों ने प्रदेश और केंद्र सरकार से शीघ्र भवन निर्माण हेतु टेंडर जारी कर तुरंत काम शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई तो भविष्य में और कठोर आंदोलन किए जाएँगे।

Share