Home Featured फर्जी दस्तावेज के आधार पर शिक्षक की नौकरी, जांच के बाद सेवा समाप्त।
Featured - मुख्य - 2 days ago

फर्जी दस्तावेज के आधार पर शिक्षक की नौकरी, जांच के बाद सेवा समाप्त।

दरभंगा: फर्जी दस्तावेज और आवेदन पत्र में अंकों के साथ कथित छेड़छाड़ कर शिक्षक नियुक्ति हासिल करने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा के आदेश के अनुसार मध्य विद्यालय धरौड़ा, बेनीपुर के विशिष्ट शिक्षक ओम प्रकाश पटवा की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

Advertisement

आदेश के मुताबिक ग्राम महथिन बाजार, बेनीपुर निवासी परिवादी कुणाल सस्तोगी ने लोक शिकायत निवारण प्राधिकार के समक्ष शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि शिक्षक नियोजन की प्रक्रिया के दौरान आवेदन पत्र में फर्जी डेटा एवं फर्जी अंक पत्र प्रस्तुत कर नियुक्ति प्राप्त की गई।

शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। प्रथम अपीलीय प्राधिकार सह प्रमंडलीय आयुक्त, दरभंगा के स्तर से भी मामले की सुनवाई हुई और संबंधित विभाग को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

जांच रिपोर्ट में सामने आया कि ओम प्रकाश पटवा ने शिक्षक नियोजन के समय मूल आवेदन में अंकों के साथ छेड़छाड़ कर आवेदन जमा किया था। रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने मैट्रिक में द्वितीय श्रेणी और इंटर में तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण होने के बावजूद आवेदन में इंटर के स्थान पर 68 प्रतिशत अंक दर्ज किए थे।

शिक्षा विभाग के आदेश में कहा गया है कि पटवा की नियुक्ति प्रखंड शिक्षक के रूप में गलत दस्तावेज के आधार पर हुई थी और बाद में उसी आधार पर उन्हें विशिष्ट शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया।

जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक (संशोधित) नियमावली, 2024 के प्रावधानों के तहत उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है।

विभाग ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय को आदेश की सूचना देते हुए अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।

Share