
फर्जी दारोगा ने महिला सिपाही से रचाई शादी, ठगी का आरोप।
दरभंगा: भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा निवासी राहुल कुमार ने खुद को दारोगा बताकर बेनीपुर व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा में तैनात महिला सिपाही से शादी रचा ली। पीड़ित महिला ने बताया कि राहुल ने गया पुलिस लाइन की फर्जी आईडी दिखाकर कटिहार में दारोगा होने का झांसा दिया। प्रेम जाल में फंसाकर 12 मार्च को विधिवत शादी की।
शादी के कुछ दिनों बाद महिला को पता चला कि राहुल फर्जी दारोगा है। इसके बाद दोनों में विवाद बढ़ा और मामला बहेड़ा थाने पहुंचा। पीड़ित ने ठगी, मारपीट, बलात्कार, पैसे की मांग तथा राज खोलने पर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए 1 मई को प्राथमिकी दर्ज कराई।
बहेड़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राहुल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि जांच जारी है।

