
नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, 1,368 लीटर स्पिरिट व शराब बरामद।
दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र के मस्सा गांव में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने छापेमारी कर नकली शराब बनाने के ठिकाने का उद्भेदन किया है। कार्रवाई के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे गए पांच बड़े ड्रम से करीब 920 लीटर स्पिरिट, 375 एमएल की 105 खाली बोतलें और 180 एमएल की पेट बोतलों में भरी 448.920 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री की कुल मात्रा 1,368.920 लीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध टीम ने जाले के मस्सा गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे पांच बड़े ड्रम बरामद हुए, जिनमें करीब 920 लीटर स्पिरिट थी। इसके अलावा 375 एमएल की 105 खाली बोतलें और 180 एमएल की पेट बोतलों में 448.920 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
इस मामले में मुख्य अभियुक्त जितेंद्र पासवान के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है। मद्यनिषेध विभाग की ओर से नकली शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

