Home Featured तीन बच्चों के पिता पर ट्यूशन टीचर ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, महिला थाना में केस।

तीन बच्चों के पिता पर ट्यूशन टीचर ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, महिला थाना में केस।

दरभंगा: लहेरियासराय क्षेत्र में 21 वर्षीय ट्यूशन शिक्षिका ने तीन बच्चों के पिता पर अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह पिछले करीब चार वर्षों से आरोपी के घर उसके तीन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाती थी। आरोप है कि अगस्त 2026 में उसे जानकारी हुई कि आरोपी ने अपने घर के टॉयलेट समेत कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। पीड़िता का आरोप है कि इन कैमरों के माध्यम से उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए गए।

आरोप के अनुसार, आरोपी ने उक्त फोटो-वीडियो दिखाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह कथित तौर पर धमकी देता था कि उसकी बात नहीं मानने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। पीड़िता का आरोप है कि सामाजिक बदनामी का भय दिखाकर आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरदस्ती की।

पीड़िता ने बताया कि लोक-लाज और बदनामी के डर से उसने काफी समय तक घटना की जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। आरोप है कि आरोपी लगातार फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक दबाव में रखता रहा। मामला बढ़ने के बाद युवती ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ महिला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया कराई जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों से संबंधित फोटो-वीडियो की सत्यता और उनके स्रोत की भी जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Share