Home Featured सड़क जाम करने के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत 15 नामजद पर प्राथमिकी।

सड़क जाम करने के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत 15 नामजद पर प्राथमिकी।

दरभंगा: पतोर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के बाद शव को सड़क पर रखकर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने 15 नामजद तथा 30 से 40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला पतोर थाना में दर्ज कांड संख्या 99/26 से संबंधित है।

Advertisement

थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार के स्वलिखित बयान के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 6:12 बजे कोकट गांव से सूचना मिली कि सीता राम पंडित (पिता- स्व. लक्ष्मी पंडित) की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची, शव का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर परिजन पतोर थाना के समीप पहुंचे। इसके बाद कोकट गांव के लगभग 40 से 50 महिला-पुरुष वहां एकत्र हो गए और शव को सड़क पर रखकर करीब दो से तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इससे आम लोगों के आवागमन के साथ-साथ पुलिस के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।

थानाध्यक्ष ने अपने बयान में कहा है कि पुलिस द्वारा कई बार लोगों को समझाया गया कि सड़क जाम करना कानूनन अपराध है, लेकिन मौजूद लोग नहीं माने और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

Advertisement

पुलिस ने मामले में अमला कुमारी, कल्पना झा, प्रियंका झा, भाजपा बहादुरपुर पूर्वी के मंडल अध्यक्ष सुशील सिंह, आदित्य सिंह, राम विलाश पंडित, श्याम साह, श्याम पंडित, मिथलेश पंडित, शंभु पंडित, मिथलेश पंडित की पत्नी, श्याम पंडित की पत्नी, शंभु पंडित की पत्नी, रुद्रेश पंडित के छोटे पुत्र तथा रविंद्र यादव को नामजद अभियुक्त बनाया है। इसके अलावा 30 से 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

Advertisement

सभी आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 132, 190, 191(2), 285 एवं 293 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share