
सोनकी में खुला जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र, गांवों में रोजगार और सुधा उत्पादों की बढ़ेगी पहुंच।
दरभंगा: सदर प्रखंड की सोनकी पंचायत में जिले के पहले जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद डीएम ने विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुधा के विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली।

सात निश्चय-3 के तहत राज्य की सभी पंचायतों में सुधा विक्रय केंद्र खोलने की योजना है। सुधा डेयरी और जीविका के संयुक्त प्रयास से पंचायत स्तर पर ये केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए स्थान और जीविका दीदी का चयन जीविका की ओर से किया जाएगा। चयनित जीविका दीदी को सुधा का रिटेलर बनाया जाएगा और सुधा डेयरी की ओर से उन्हें नियमित रूप से विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
दरभंगा जिले में इस योजना के तहत अब तक 266 पंचायतों में जीविका दीदियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। सोनकी पंचायत में समिति आरती देवी, पति अनिल पंजीयार को जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र प्रदान किया गया है। केंद्र के माध्यम से पंचायत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा का दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे।
उद्घाटन समारोह में जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए डीएम कौशल कुमार ने कहा कि जीविका और सुधा के संयुक्त प्रयास से महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जीविका दीदियों से केंद्र का बेहतर संचालन करने और अधिक से अधिक ग्रामीण उपभोक्ताओं तक सुधा उत्पाद पहुंचाने की अपील की।
सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक आरके झा ने जीविका दीदियों से अधिक से अधिक संख्या में सुधा से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां दूध उत्पादन, संग्रहण, विपणन और बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया में भागीदारी कर सकती हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और दुग्ध व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जीविका और सुधा के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में दूध उत्पादन तथा दुग्ध उत्पादों के विपणन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में सुधा डेयरी दरभंगा के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद सिंह, विपणन प्रभारी मो. खुर्शीद आलम, डीपीएम जीविका डॉ. ऋचा गार्गी, श्रेया शर्मा, रौशन झा, प्रतीक सुमन, रितेश झा, शिवचन्द्र यादव सहित जीविका एवं सुधा डेयरी के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं।

