
कोर्ट के आदेश पर राजमिस्त्री को मिले चोरी के पांच लाख रुपये, चेहरे पर लौटी खुशी
दरभंगा: नेहरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की से चोरी हुए पांच लाख रुपये कोर्ट के आदेश पर बुधवार को पीड़ित राजमिस्त्री को सौंप दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर बहेड़ा थाना क्षेत्र की अमैठी पंचायत के नमती गांव निवासी सुबोध दास के चेहरे पर खुशी छा गई। उन्होंने और उनके परिजनों ने राशि बरामद करने तथा उसे वापस दिलाने के लिए नेहरा थाना पुलिस के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, गत 25 सितंबर को सुबोध दास सकरी चीनी मिल स्थित एसबीआई शाखा से पांच लाख रुपये की निकासी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेहरा लुल्हवा चौक के पास उन्होंने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और पेशाब करने चले गए। तभी बैंक से ही उनका पीछा कर रहे बदमाश मोटरसाइकिल की डिक्की से रुपये निकालकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद नेहरा थाना पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुरावगंज निवासी प्रभु यादव के पुत्र ऋतिक कुमार के घर से चोरी की गई पांच लाख रुपये की राशि बरामद कर ली थी।
न्यायालय के आदेश के बाद बुधवार को नेहरा थानाध्यक्ष मोती कुमार ने थाना परिसर में बरामद राशि सुबोध दास को सौंप दी। इसके बाद थानाध्यक्ष ने पुलिस सुरक्षा में उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। लंबे इंतजार के बाद अपनी राशि वापस मिलने से सुबोध दास और उनके परिवार ने राहत की सांस ली।

