
तेज रफ्तार पिकअप ने पांच लोगों को मारी टक्कर, कई गंभीर; आक्रोशित लोगों ने एक घंटे तक किया सड़क जाम।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के दुमदुमा मोहल्ला स्थित यतीमखाना मदरसा के पास सोमवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने एक के बाद एक पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। पिकअप वाहन तेज गति से मुख्य सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की चपेट में एक स्कूटी चालक, एक मोटरसाइकिल चालक और तीन साइकिल सवार आए।
घायलों में दुमदुमा मोहल्ले के कुछ स्थानीय लोगों के अलावा क्योटी प्रखंड क्षेत्र के द्वार निवासी जुनैद अहमद खान भी शामिल बताए जा रहे हैं। जुनैद अहमद खान को मुस्लिम हाई स्कूल में शिक्षक बताया गया है। उन्हें प्रारंभ में सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किए जाने की जानकारी है। अन्य घायलों में भी कुछ की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच से पटना अथवा निजी अस्पताल रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप की जोरदार टक्कर के बाद एक स्कूटी वाहन के नीचे चली गई। घटना के बाद सड़क पर घायलों को देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
आक्रोशित लोगों ने एक घंटे तक सड़क किया जाम**
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बांस-बल्लियों समेत अन्य सामान सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत करें और सभी घायलों के इलाज का खर्च उपलब्ध कराने का आश्वासन दें।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई। हालांकि, मोहल्लेवासियों की मांग थी कि कोई वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुने। समाचार लिखे जाने तक किसी वरीय प्रशासनिक अधिकारी के घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी नहीं थी।
चालक पर तेज रफ्तार और नशे में होने का आरोप
स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने तथा उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के जरूरी कागजात नहीं होने का भी दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई ह। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद चालक को पकड़ लिया गया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस रफ्तार से पिकअप वाहन सड़क पर चल रहा था, उससे हादसा और भी भयावह हो सकता था। पांच लोगों के घायल होने और कुछ की हालत गंभीर बताए जाने के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।

