Home Featured सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत, माँ और टोटो चालक गंभीर घायल।

सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत, माँ और टोटो चालक गंभीर घायल।

दरभंगा: जिले के पत्तोर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय रवी राज की मौत हो गई। हादसे में रवी की मां नीलम देवी (32) और टोटो चालक लाल पासवान (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (डीएमसीएच) में चल रहा है।

Advertisement

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रवी राज कोकाट गाँव निवासी मुकेश भगत के पुत्र थे। वह अपनी मां नीलम देवी के साथ टोटो से कहीं जा रहे थे। टोटो को कोकाट के ही लाल पासवान चला रहे थे। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9:45 बजे तीनों घर से निकले थे। लगभग 10 बजे जोगियारा और अंदामा के बीच इमली के पेड़ के समीप अचानक 3-4 नीलगाय सड़क पर आ गईं।

Advertisement

उसी समय एक नीलगाय टोटो से टकरा गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में रवी राज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। नीलम देवी के पैर, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। टोटो चालक लाल पासवान भी घायल हैं।

घायलों को घटनास्थल से पहुंचाकर प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना स्थल के स्थानीय लोग बता रहे हैं कि क्षेत्र में नीलगायों की बढ़ती संख्या के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और उन्होंने प्रशासन से नीलगायों के कारण होने वाले जोखिम कम करने तथा उचित व्यवस्थाएं करने की मांग की है।

Share