Home Featured बाल अधिकार दिवस पर चार बच्चों को मिला परिवार का सहारा, बाल संरक्षण सप्ताह का समापन।
Featured - मुख्य - 8 hours ago

बाल अधिकार दिवस पर चार बच्चों को मिला परिवार का सहारा, बाल संरक्षण सप्ताह का समापन।

दरभंगा: बाल अधिकार दिवस के अवसर पर 20 नवंबर को वृहद आश्रय गृह, भराठी के सभागार में बाल संरक्षण सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। तरुण निदान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और बालिकाओं के स्वागत गान से हुई।

इस अवसर पर आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए अजीत कुमार मिश्र ने कहा कि बच्चों के संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज को भी अपने आसपास रहने वाले बच्चों के प्रति संवेदनशील होना होगा। टूटते परिवारों और पारिवारिक अंतर्कलह के कारण बच्चों के समाजीकरण की प्रक्रिया कमजोर हो रही है। उचित देखरेख, निगरानी और मार्गदर्शन के अभाव में कई बच्चे नशे और कुसंगति का शिकार होकर मुख्यधारा से भटक रहे हैं।

बाल गृह के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बाल संरक्षण सप्ताह के दौरान बच्चों के बीच आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान खेलकूद, गीत-संगीत, भाषण और मिथिला पेंटिंग सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके संरक्षण, देखभाल और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष कुमारी गुंजन की अध्यक्षता एवं सदस्य अजीत कुमार मिश्र के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में समिति की सदस्य कमला कुमारी, संदीप कुमार झा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पैनल अधिवक्ता मांडवी कुमारी, कार्ड्स संस्था के नारायण मजूमदार, सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर झा, सेंटर डायरेक्ट की प्रतिनिधि सिम्मी मिश्रा और प्रयास संस्था के प्रतिनिधि नारद मंडल ने बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही उनके जीवन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया।

चार बच्चों को परिवार में कराया गया पुनर्वासित

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष बाल कल्याण समिति, दरभंगा की पहल रही। समिति ने बहादुरपुर प्रखंड के एक गांव के चार ऐसे बच्चों को उनके परिवार में पुनर्वासित कराया, जिनकी मां के घर छोड़ने के कारण उनके बेघर होने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। समिति ने बच्चों के संरक्षण एवं अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परिवार में पुनर्वासित करने की पहल की।

कार्यक्रम का समापन बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष के अध्यक्षीय संबोधन और मेडिटेशन के साथ हुआ।

Share