
दरभंगा में ज्वेलर्स से दिनदहाड़े 55 ग्राम सोने के जेवरात की लूट, दो बाइक से आए थे चार अपराधी।
दरभंगा: पतोर थाना क्षेत्र के सुरहाचट्टी के निकट मंगलवार को दिनदहाड़े रानी ज्वेलर्स में लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से करीब 55 ग्राम सोने के जेवरात से भरा डिब्बा छीनकर बहेड़ी की ओर फरार हो गए। लूटे गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चारों अपराधियों में से दो बदमाश ग्राहक बनकर रानी ज्वेलर्स में दाखिल हुए। उन्होंने दुकानदार धर्मेंद्र कुमार साह से सोने के जेवरात दिखाने को कहा। दुकानदार ने उन्हें जेवरात दिखाए। जेवरात देखने के बाद बदमाशों ने वापस आने की बात कही।
इसी दौरान जैसे ही दुकानदार जेवरात को डिब्बे में रखकर अंदर रखने लगा, बदमाशों ने उसके हाथ से करीब 55 ग्राम सोने के गहनों से भरा डिब्बा झपट लिया। इसके बाद दोनों बदमाश तेजी से दुकान से बाहर निकले, जहां उनके साथी दो मोटरसाइकिल लेकर पहले से खड़े थे।

दुकानदार धर्मेंद्र कुमार शाह और उनके भाई सोनू कुमार जब तक कुछ समझ पाते, चारों अपराधी दोनों बाइक पर सवार होकर बहेड़ी की ओर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वारदात से जुड़े बदमाशों की तस्वीरें CCTV में कैद हुई हैं।
पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी माध्यमों की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


