Home Featured दरभंगा में चार दिवसीय पुस्तक मेला,18 से 21 जून तक नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन
Featured - मुख्य - 3 weeks ago

दरभंगा में चार दिवसीय पुस्तक मेला,18 से 21 जून तक नेहरू स्टेडियम में होगा आयोजन

दरभंगा: मिथिला की सांस्कृतिक राजधानी दरभंगा फिर साहित्यिक गतिविधियों से गुलज़ार होने जा रही है। बिहार पुस्तक मेला परिक्रमा का तीसरा पड़ाव 18 से 21 जून तक नेहरू स्टेडियम मुख्य भवन (पोलो फील्ड), लहेरियासाराय में चार दिवसीय भव्य पुस्तक मेला आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन टाइम्स इंडिया ट्रस्ट, पुस्तक मेला समिति और प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

Advertisement

आयोजन समिति के अनुसार मेले में देश के कई प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों के स्टॉल लगाए जाएंगे। राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, प्रभात प्रकाशन, पेंगुइन, गीता प्रेस, हिन्द युग्म और राधाकृष्ण प्रकाशन सहित कई प्रकाशकों की पुस्तकों की विस्तृत रेंज मेले में उपलब्ध रहेगी। मेले में साहित्य, इतिहास, विज्ञान, धर्म, जीवनियाँ, समसामयिक विषयों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित हजारों पुस्तकें भी प्रदर्शित की जाएंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह मेला विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र होगा, क्योंकि परीक्षा-संबंधी पुस्तकें और अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर मिलेंगी।

Advertisement

आयोजन में मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएँ, साहित्य व इतिहास से संबंधित पुस्तकों की विशेष श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही झारखंड की जनजातीय संस्कृति, क्रांतिकारियों के जीवन और पर्यटन आधारित पुस्तकों का भी प्रदर्शन रखा जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह पहल स्थानीय सांस्कृतिक चेतना को मजबूती देगी और नई पीढ़ी को पुस्तकों से जोड़ने में सहायक होगी।

Advertisement

प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन के प्रतिनिधि चंद्र भूषण ने कहा, “पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और संस्कारित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार सहित पुस्तक मेले में पहुँच कर इस साहित्यिक उत्सव का हिस्सा बनें।

आयोजक उम्मीद जताते हैं कि यह मेला दरभंगा की साहित्यिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और स्थानीय पुस्तक-पठनों को सशक्त बनाएगा। मेले के समय-स्थान, प्रवेश और अन्य जानकारी आयोजन समिति द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार रहेगी।

Share