
सिमरिया से गंगाजल लेकर लौट रहे बाइक सवार चार युवक दुर्घटना के शिकार, दो की हालत गंभीर।
दरभंगा: अलीनगर प्रखंड क्षेत्र के पिरहौली गांव से सिमरिया गंगा स्नान के लिए गए चार युवक सोमवार को लौटने के दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में चारों युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि पिरहौली गांव से दर्जनों युवक बाइक से सिमरिया गए थे। गंगा स्नान के बाद सभी युवक गंगाजल लेकर बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और वहां जल अर्पित किया। इसके बाद वे गंगाजल लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान पकड़ी चौक और बेनीपुर के बीच पेट्रोल पंप के समीप दो बाइक सवार संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि चार घायलों में दो युवकों की स्थिति अधिक गंभीर है। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में घायलों के नाम और हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

