
फर्जी टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगे 87 हजार रुपये, साइबर थाना ने पूरी राशि कराई वापस।
दरभंगा: फर्जी टेलीग्राम टास्क के जरिए ठगी के शिकार हुए युवक को साइबर थाना दरभंगा ने राहत दिलाते हुए उसके 87 हजार रुपये वापस करा दिए। साइबर थाना कांड संख्या-32/23 में अनुसंधान एवं तकनीकी टीम की मदद से ठगी की राशि को वादी के बैंक खाते में पुनः वापस कराया गया।

जानकारी के अनुसार, उघड़ा गांव निवासी अजय कुमार झा ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून 2023 को वह फर्जी टेलीग्राम टास्क के जाल में फंस गया था। साइबर ठगों ने पहले व्हाट्सएप के माध्यम से उससे संपर्क किया और टास्क पूरा कर पैसे कमाने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से उससे कुल 87 हजार रुपये ठग लिए गए।
पीड़ित के अनुसार, ठगों ने उससे पांच हजार, 12 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपये समेत कुल 87 हजार रुपये विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए अपने खाते में मंगा लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया।
साइबर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से ठगी की राशि को ट्रैक किया। कार्रवाई के दौरान 40 हजार और 30 हजार रुपये की राशि होल्ड कराई गई, जबकि शेष राशि की वापसी के लिए भी प्रक्रिया अपनाई गई। अनुसंधान एवं तकनीकी कर्मियों के सहयोग से अंततः वादी के खाते में ठगी की पूरी 87 हजार रुपये की राशि वापस करा दी गई।
साइबर थाना की इस कार्रवाई से ठगी के शिकार युवक को राहत मिली है। पुलिस ने लोगों से फर्जी ऑनलाइन टास्क, निवेश और घर बैठे कमाई के नाम पर आने वाले संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तत्काल शिकायत 1930 पर करने की अपील की है।

