Home Featured दरभंगा में बनेगा फल उत्कृष्टता केंद्र, आम के प्रसंस्करण से खुलेंगे रोजगार के रास्ते।

दरभंगा में बनेगा फल उत्कृष्टता केंद्र, आम के प्रसंस्करण से खुलेंगे रोजगार के रास्ते।

दरभंगा: मिथिला हॉर्टिकल्चर क्लस्टर के तहत दरभंगा में फल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। केंद्र में मैंगो पैक हाउस एवं प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की योजना है। इसके माध्यम से आम से पाउडर, स्नैक्स, स्क्वैश, आइसक्रीम, कॉफी, पापड़, अचार समेत करीब 45 प्रकार के पेय एवं अन्य उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इससे स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

इसी योजना की प्रगति को लेकर स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को बलभद्रपुर, लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वैज्ञानिकों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में सांसद ने फल उत्कृष्टता केंद्र और मैंगो पैक हाउस एंड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना से जुड़ी आधारभूत संरचना, तकनीकी पहलुओं और आवश्यक औपचारिकताओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

आम की विविध किस्मों पर जोर

सांसद ने कहा कि दरभंगा समेत मिथिला क्षेत्र में आम की खेती की पुरानी परंपरा रही है। क्षेत्र में आम की विभिन्न किस्मों की मौजूदगी को देखते हुए विविधता आधारित खेती को बढ़ावा देने की जरूरत है। इसके लिए जिला स्तर पर आम उत्पादक किसानों के लिए जागरूकता कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया गया।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से पुराने आम के बागों का जीर्णोद्धार, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और निर्यात आधारित बागवानी को बढ़ावा दिया जा सकता है।

प्रसंस्करण से मिलेगा बाजार

डॉ. ठाकुर ने कहा कि अभी किसान मुख्य रूप से पारंपरिक तरीके से आम का उत्पादन करते हैं। फल उत्कृष्टता केंद्र और प्रसंस्करण इकाई शुरू होने के बाद आम तथा इससे बनने वाले उत्पादों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों को स्थानीय बाजार के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आम की गुठली के उपयोग को भी रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने की संभावनाओं पर काम किया जाना चाहिए।

मिथिला के आम को जीआई टैग की तैयारी

बैठक में मिथिला क्षेत्र के आम को जीआई टैग दिलाने की दिशा में भी पहल किए जाने की बात सामने आई। सांसद ने कहा कि जीआई टैग मिलने से मिथिला के आम को अलग पहचान मिल सकती है और इसके बाजार मूल्य तथा मांग को बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मिथिला हॉर्टिकल्चर क्लस्टर के तहत केला, आम, लीची और मखाना जैसी प्रमुख फसलों के उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि आधारित रोजगार को मजबूत करना है।

बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों के अलावा कृषि विभाग के राज्यस्तरीय अधिकारी तथा जिला स्तर के कृषि, उद्यान एवं बागवानी विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share