
गंडक नदी में बढ़ सकता है जलस्तर, बिहार में हाई अलर्ट!
दरभंगा: तिब्बत प्रभाग में ग्लेशियल झील (हिमनद झील) फटने के बाद भोटे कोशी नदी में करीब तीन मीटर ऊंची तेज लहर प्रवाहित होने की सूचना से बिहार में सतर्कता बढ़ा दी गई है। भोटे कोशी नदी तिब्बत से निकलकर नेपाल में त्रिशूली नदी में मिलती है। इस घटना के कारण आगे गंडक नदी के जलश्राव और जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि की आशंका जताई गई है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार दोपहर 12 बजे वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से 86 हजार क्यूसेक जलश्राव दर्ज किया गया। इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की बताई गई है। वहीं, नेपाल के देवघाट गेज स्थल पर नारायणी नदी का जलस्तर 4.77 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 9 मीटर और चेतावनी स्तर 7.30 मीटर है। देवघाट में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पानी को गंडक बराज तक पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगने की संभावना है।
बराज के सभी 36 गेट खोले
स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने त्वरित सतर्कता बरतते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए हैं। बराज की स्थिति पर नजर रखने के लिए मुख्यालय स्तर से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में तकनीकी दल भी भेजा गया है।
गंडक नदी बेसिन में आने वाले सभी जिलों को चेतावनी संवाद जारी कर दिया गया है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को संभावित आकस्मिक स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने तथा लगातार निगरानी और चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है।
तटबंधों की निगरानी, राहत सामग्री का भंडारण
संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव सामग्री के भंडारण के साथ तटबंधों के लगातार निरीक्षण की व्यवस्था की गई है। मुख्य सचिव, बिहार के स्तर से संबंधित जिलाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर स्थिति की जानकारी दी गई। तटबंधों के अंदर बसे लोगों को माइकिंग के माध्यम से संभावित खतरे से अवगत कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
संभावित प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती की जा रही है। मुख्यमंत्री, बिहार ने भी मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव और जल संसाधन विभाग के सचिव के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड में रहने, सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।

