
गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा से तोड़फोड़, कांग्रेस ने की दोषियों की गिरफ्तारी की मांग।
दरभंगा: शहर के बड़ा बाजार स्थित गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। असामाजिक तत्वों ने बीती रात प्रतिमा की नाक, उसके ऊपर लगी लोहे की छतरी और आसपास की टाइल्स को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर दरभंगा जिला कांग्रेस कमिटी अर्बन के अध्यक्ष डॉ. जमाल हसन कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

घटना पर आक्रोश जताते हुए डॉ. जमाल हसन ने इसे निंदनीय और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश की महान विरासत हैं। सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान एवं तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया जा सकता है, लेकिन गांधी के सत्य, अहिंसा और भाईचारे के विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
मौके पर एहसान सिद्दिकी, प्रिंस परवेज, हसमत अंसारी, अंसार हसन, मुकेश कुमार, नसीम अहमद समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

